लखनऊ में 1 घंटे की मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कें बनीं तालाब, 8 फीट सड़क धंसी

लखनऊ में 1 घंटे की मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कें बनीं तालाब, 8 फीट सड़क धंसी

*लखनऊ, 1 सितंबर।* राजधानी लखनऊ में सोमवार दोपहर करीब एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। काले बादल छाने से दिन में अंधेरा छा गया, लोगों को हेडलाइट और डीपर जलाकर गाड़ियां चलानी पड़ीं।
*जगह-जगह जलभराव और भीषण जाम*
बारिश के बाद शहीद पथ, कमता तिराहा, पॉलिटेक्निक, बुद्धेश्वर चौराहा, हजरतगंज, इंदिरानगर, चिनहट, सरोजनीनगर और मोहनलालगंज समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कें तालाब बन गईं। शहीद पथ और कमता तिराहा पर भीषण जाम लग गया।
*चिनहट में 8 फीट सड़क धंसी, घंटों गुल रही बत्ती*
चिनहट के रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने सीवर मैनहोल के पास करीब 8 फीट सड़क धंस गई। गनीमत रही कि उस वक्त वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था।
वहीं चिनहट समेत कई इलाकों के फीडर बंद होने से घंटों बिजली गुल रही। मलिहाबाद में रात में अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट आ गया था। सुबह करीब 7 बजे मलिहाबाद की तरफ बारिश शुरू हुई, दोपहर 10 बजे शहर और 11 बजे हजरतगंज में तेज बारिश शुरू हुई।
*5 सितंबर तक बारिश का अलर्ट*
इससे पहले सोमवार शाम भी झमाझम बारिश हुई थी। सोमवार को शहर में 31.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 5 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।
*सीजन में सामान्य से 2% कम बारिश*
मौसम विभाग के अनुसार, इस सीजन जितनी बारिश जून-जुलाई दो महीने में हुई, उससे ज्यादा अगस्त में हुई है। 1 जून से 31 जुलाई तक 176.9 मिमी बारिश हुई थी, जबकि अगस्त में 330.5 मिमी से अधिक बरसात हुई।
इस सीजन अब तक कुल 507.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि कोटा 519.3 मिमी है। यानी सामान्य से करीब 2 फीसदी कम बारिश हुई है। इस सीजन एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश 15 अगस्त को 58.7 मिमी हुई थी।



