राष्ट्रीय लोकदल ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमाशीष राय को लेकर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों का किया खंडन

राष्ट्रीय लोकदल ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमाशीष राय को लेकर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों का किया खंडन
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कुछ समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित उन खबरों का सख्त खंडन किया है, जिनमें यह दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रीय लोकदल के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमाशीष राय किसी अन्य राजनीतिक दल में जाने वाले हैं अथवा इस संबंध में उनकी किसी दल से बातचीत चल रही है।
मयंक त्रिवेदी ने बताया कि इस प्रकार की सभी खबरें पूरी तरह भ्रामक, निराधार एवं तथ्यहीन हैं। राष्ट्रीय लोकदल इन अफवाहों का स्पष्ट रूप से खंडन करता है। डॉ. रमाशीष राय पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं तथा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमाशीष राय के सभी पूर्व निर्धारित संगठनात्मक कार्यक्रम यथावत जारी हैं। वर्तमान में उनका देवरिया सहित पूर्वांचल में संगठनात्मक दौरा चल रहा है। इसके अतिरिक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और मध्यांचल सहित उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में उनके संगठनात्मक दौरे एवं कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लगातार जारी रहेंगे। इसी क्रम में 25 जुलाई को आजमगढ़ में भी उनका महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम प्रस्तावित है।
मयंक त्रिवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल सभी मीडिया संस्थानों एवं आमजन से अपील करता है कि इस प्रकार की अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें तथा केवल पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी को ही प्रमाणिक मानें।



