Breaking Newsभारत

जखनियां/भुड़कुड़ा (गाजीपुर) : जमीन विवाद में युवती से मारपीट, मुकदमा दर्ज न होने पर पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

जमीन विवाद में युवती से मारपीट, मुकदमा दर्ज न होने पर पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सुबह से शाम तक थाने में बैठाए रखने और मेडिकल न कराने का आरोप, पीड़ित परिवार ने न्याय की लगाई गुहार

जखनियां/भुड़कुड़ा (गाजीपुर)। भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के जौहरपुर गांव में आबादी की जमीन को लेकर हुए विवाद में एक युवती के साथ कथित रूप से मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही घायल युवती का मेडिकल परीक्षण कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना भुड़कुड़ा क्षेत्र के ग्राम जोहरपुर निवासी माधुरी कुमारी पुत्री ओमकार ने कोतवाली में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि मंगलवार को सुबह लगभग 11 बजे आबादी की जमीन के विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने गोलबंद होकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने लात-घूंसों, ईंट-पत्थरों से हमला किया तथा बाल पकड़कर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

पीड़िता की माता एवं परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद वे घायल युवती को लेकर प्रार्थना पत्र के साथ भुड़कुड़ा थाने पहुंचे। वहां पुलिस ने पहले इलाज कराने की बात कहकर वापस भेज दिया। इसके बाद पुनः थाने पहुंचने पर उन्हें शाम तक बैठाए रखा गया, लेकिन न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस संबंध में पत्रकारों द्वारा भुड़कुड़ा कोतवाली के संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रकरण पर कोई स्पष्ट उत्तर नहीं मिल सका।

पीड़िता का कहना है कि उसे न्याय दिलाने के लिए प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप करे और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button