Breaking Newsभारत

गाजीपुर : ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज परिसर में 150 से अधिक पौधे रोपे गए,विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला गंगा समिति और वन विभाग की संयुक्त पहल, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज परिसर में 150 से अधिक पौधे रोपे गए,विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला गंगा समिति और वन विभाग की संयुक्त पहल, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

गाजीपुर, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति एवं सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज परिसर में ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के अंतर्गत वृहद पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा युवा नेता अभिनव सिन्हा तथा अन्य अतिथियों द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस दौरान आम, अमलतास, जामुन, गुलमोहर और नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं पौध भेंट कर किया। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे मिशन का उद्देश्य केवल गंगा की स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके तटों और आसपास के क्षेत्रों को हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाना भी है। उन्होंने कहा कि एक पेड़ सौ पुत्रों के समान होता है और प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण अभियान से जुड़ना चाहिए।मुख्य अतिथि अभिनव सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ तथा ‘मिशन लाइफ’ जैसे अभियानों को जन-आंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आनंद मिश्रा ने कहा कि स्वस्थ पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। बढ़ते वायु प्रदूषण से श्वास एवं हृदय संबंधी रोगों में वृद्धि हो रही है। ऐसे में वृक्ष प्राकृतिक वेंटिलेटर की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने घोषणा की कि मेडिकल कॉलेज का प्रत्येक छात्र एक पौधे का अभिभावक बनेगा और उसकी देखभाल करेगा।गोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और गंगा स्वच्छता जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। छात्रों ने पोस्टर प्रदर्शन एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों तथा छात्रों ने सामूहिक रूप से गंगा एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।क्षेत्रीय वन अधिकारी आदित्य यादव ने सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य डॉ. नीरज पांडेय, भाजपा नेता कार्तिक गुप्ता, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मेडिकल कॉलेज के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button