Breaking Newsभारत

गाजीपुर : विश्व पर्यावरण दिवस पर गाजीपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का शुभारंभ, 7.06 लाख पौधरोपण का लक्ष्य

विश्व पर्यावरण दिवस पर गाजीपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का शुभारंभ, 7.06 लाख पौधरोपण का लक्ष्य

गाजीपुर, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद गाजीपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया गया। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में चलाए जा रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। यह अभियान 05 जून से 21 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु और बेहतर वातावरण प्रदान करेगा। उन्होंने जनपदवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि मिशन लाइफ के अंतर्गत हमें अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने की आवश्यकता है। जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा वृक्षारोपण जैसे कदम पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर चल रहे पौधरोपण अभियान में जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेशभर में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में जनपद गाजीपुर को 7.06 लाख पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। इसमें वन विभाग को 68 हजार, ग्राम्य विकास विभाग को 4.28 लाख, उद्यान विभाग को 71 हजार, पंचायती राज विभाग को 29 हजार, कृषि विभाग को 1.07 लाख तथा नगर विकास विभाग को 3 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य आवंटित किया गया है।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प भी लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button