जखनिया (गाजीपुर) : कनुवान में भव्य चेतक प्रतियोगिता का आयोजन, घुड़सवारों ने दिखाया अद्भुत कौशल

कनुवान में भव्य चेतक प्रतियोगिता का आयोजन, घुड़सवारों ने दिखाया अद्भुत कौशल
पांच चरणों में हुई रोमांचक घुड़दौड़, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, जमानिया और वाराणसी के प्रतिभागियों ने जीते खिताब

जखनिया (गाजीपुर)। तहसील जखनिया अंतर्गत ग्राम सभा कनुवान में स्थित मौनी बाबा चेतक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन रविवार को उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से आए घुड़सवारों ने अपने घोड़ों के साथ शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन के दौरान मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा और रोमांचक मुकाबलों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ चौचकपुर धाम के पीठाधीश्वर एवं कनुवान मठ के पीठाधीपति पूज्य सत्यानंद जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण संस्कृति, परंपरा और खेल भावना को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।प्रतियोगिता का आयोजन कुल पांच राउंड में किया गया, जिसमें बड़े एवं छोटे घोड़ों की अलग-अलग श्रेणियों में दौड़ आयोजित हुई। अंतिम चरण तक पहुंचने वाले प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।बड़े घोड़ों की श्रेणी में ये रहे विजेता,फाइनल राउंड में बड़े घोड़ों की दौड़ में चंदौली के प्रसिद्ध घुड़सवार सोमारु पहलवान के घोड़े ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मोहम्मदाबाद (गाजीपुर) के महगू यादव का घोड़ा दूसरे स्थान पर तथा मऊ के मुरली यादव का घोड़ा तीसरे स्थान पर रहा।छोटे घोड़ों की श्रेणी में भी रहा रोमांच, छोटे घोड़ों की फाइनल प्रतियोगिता में जमानिया के इंद्रपाल सिंह के घोड़े ने प्रथम स्थान हासिल किया। वाराणसी के सोमारु पहलवान के घोड़े को दूसरा तथा गहमर के सुधीर सिंह के घोड़े को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।प्रतियोगिता के समापन पर आयोजन समिति द्वारा विजेता घुड़सवारों को अंगवस्त्र, ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेताओं के सम्मान के दौरान उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में चंदन मेडिकल स्टोर के प्रोपराइटर पिंकू सिंह, ग्राम प्रधान चलनी राम, लखन यादव, आयोजनकर्ता जमीदार सिंह, सुप्रसिद्ध घुड़सवार हीरा यादव, अरविंद यादव, आनंद यादव, कैमूर (बिहार) से आए मुन्ना सिंह, नित्यानंद तिवारी, ओम प्रकाश यादव, जखनिया पंचम क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य पद के भावी प्रत्याशी महातिम यादव, सुदर्शन पांडेय, पवन सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल संचालन समर सिंह ने किया। आयोजन की भव्यता, अनुशासन और बड़ी संख्या में उमड़े दर्शकों को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने इसे ग्रामीण खेल एवं सांस्कृतिक परंपरा का शानदार उदाहरण बताया।



