गाजीपुर : प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा

प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा
दो विभागीय अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश, योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने पर दिया जोर
ol 
गाजीपुर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक का उद्देश्य जनपद के सर्वांगीण विकास को गति देना तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान दुग्ध विभाग एवं मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।प्रभारी मंत्री ने उद्यान, पशुपालन, वन, सहकारिता, मत्स्य, ग्राम्य विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), पीएम स्वनिधि, पंचायती राज, नेडा, पीएम सूर्यघर योजना, खादी एवं ग्रामोद्योग, पर्यटन, शिक्षा, खेलकूद, उद्योग, सेवायोजन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, लोक निर्माण विभाग, जल निगम सहित विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा की।उन्होंने अधिकारियों को विभागीय कार्यों में नवाचार अपनाने तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निर्माणाधीन एवं विकास परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने पर बल दिया।बैठक में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को जनसुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



