गाजीपुर : रोजगार मेले में उमड़ा युवाओं का उत्साह, 500 पदों पर होगी भर्ती

रोजगार मेले में उमड़ा युवाओं का उत्साह, 500 पदों पर होगी भर्ती
राजकीय आईटीआई गाजीपुर में आयोजित प्लेसमेंट इवेंट में 1600 अभ्यर्थियों ने लिया भाग, मारुति सुजुकी सहित प्रतिष्ठित कंपनियों ने किया चयन

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय, गाजीपुर द्वारा गुरुवार को राजकीय आईटीआई परिसर में भव्य प्लेसमेंट इवेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने युवाओं को रोजगार के अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं और रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।अधिकारियों ने बताया कि जनपद के युवाओं को देश और विदेश में रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवायोजन विभाग द्वारा विकसित एकीकृत पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की सरल एवं त्वरित सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही रोजगार, करियर मार्गदर्शन एवं अन्य जानकारियों के लिए विभाग की निःशुल्क हेल्पलाइन 155330 भी संचालित की जा रही है।प्लेसमेंट इवेंट में विजन इंडिया प्रा. लि. के माध्यम से मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, अहमदाबाद (गुजरात) के लिए एफटीसी (फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट) पदों पर चयन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। रोजगार मेले में लगभग 1600 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से कुल 500 पदों पर भर्ती की जा रही है।कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि ऐसे आयोजनों से जनपद के अधिकाधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।



