दुल्लहपुर (गाजीपुर) : भूमि विवाद में भाईयों के बीच खूनी संघर्ष, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

भूमि विवाद में भाईयों के बीच खूनी संघर्ष, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
दुल्लहपुर (गाजीपुर) | दिनांक: 13 अप्रैल 2026
दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के खोजवा गांव में जमीन बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया, जिसमें एक पक्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल की शाम शमशेर चौहान ने अपने बड़े भाई के घर के सामने कूड़ा फेंकने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते पट्टीदारों ने मिलकर शमशेर चौहान पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में शमशेर चौहान घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष को भी मामूली चोटें आईं।
घटना के बाद पीड़ित शमशेर चौहान रात में ही दुल्लहपुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि पुलिस ने 13 अप्रैल को मेडिकल कराने का आश्वासन देकर उन्हें घर भेज दिया। अगले दिन जब पीड़ित दोबारा थाने पहुंचे, तो कथित रूप से एक कांस्टेबल ने यह कहकर वापस लौटा दिया कि उन्हें चोट नहीं लगी है और केवल विपक्षी पक्ष का ही मेडिकल कराया जाएगा।
पुलिस के इस रवैये से आक्रोशित पीड़ित ने उच्च अधिकारियों को सूचना देने के साथ ही मीडिया को भी मामले से अवगत कराया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल जखनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस पूरे मामले में जब थाना अध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह से बात की गई, तो उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि थाने से किसी को भगाया नहीं गया है। दोनों पक्षों का मेडिकल कराकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



