Breaking Newsभारत

गोरखपुर में रोडवेज बस ठोकर से बाइक सवार महिला की मौत गोद से छिटककर दूर गिरा मासूम

गोरखपुर में रोडवेज बस ठोकर से बाइक सवार महिला की मौत गोद से छिटककर दूर गिरा मासूम

शाहपुर थाना क्षेत्र में आज सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका एक साल का मासूम बेटा और ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है।

कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सिसवा शुकुल गांव निवासी रामप्रताप सिंह अपनी बहू स्वाति सिंह और एक साल के पोते क्रियांश को लेकर गोरखपुर आए थे। बच्चे की तबीयत खराब होने पर वह उसे दिखाने के लिए बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरू अस्पताल जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बाइक पर पीछे बैठी स्वाति सिंह अपने बच्चे को गोद में लेकर बैठी थीं।

सुबह करीब 10 बजे मेडिकल कालेज रोड से बस स्टेशन की ओर जाते समय शाहपुर क्षेत्र के जेमिनी रेजिडेंसी के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही रोडवेज बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

बाइक पर बैठी स्वाति सिंह सड़क पर सिर के बल गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके हाथ से बच्चा छिटककर दूर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में रामप्रताप सिंह भी घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि मासूम की हालत भी नाजुक बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि स्वाति सिंह के पति बाहर रहते हैं, इसलिए वह ससुर के साथ बच्चे का इलाज कराने आई थीं।

शाहपुर थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि रोडवेज बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button