80 गांव प्रभावित:वैकल्पिक रास्ता डूबने से आक्रोश, पूर्व विधायक ने EE को उतारा पानी में; जानिए कैसे रुका हंगामा

80 गांव प्रभावित:वैकल्पिक रास्ता डूबने से आक्रोश, पूर्व विधायक ने EE को उतारा पानी में; जानिए कैसे रुका हंगामा
पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह उर्फ खोखा सिंह और सपा नेता अवनीश यादव ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को वैकल्पिक मार्ग पर पानी में उतार दिया। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार जाटव के दो दिन में ह्यूम पाइप डालकर वैकल्पिक रास्ता चालू कराने के आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए।
देवरिया-रामलक्षन मार्ग पर बांकी गांव के पास बन रहे पुल के लिए बनाया गया वैकल्पिक रास्ता बारिश के पानी में डूब गया। इससे देवरिया-रामलक्षन मार्ग पर रविवार की शाम से ही आवागमन बंद है। सोमवार को इसे लेकर लोगों ने हंगामा किया।
दोपहर में पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह उर्फ खोखा सिंह और सपा नेता अवनीश यादव ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को वैकल्पिक मार्ग पर पानी में उतार दिया। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार जाटव के दो दिन में ह्यूम पाइप डालकर वैकल्पिक रास्ता चालू कराने के आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए।
यहां तीन करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से पक्के पुल का निर्माण कराया जा रहा है। पुल बनाने के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाया गया है। जिले में तीन दिन हुई मूसलधार बारिश की वजह से निर्माणाधीन पुल के पास पानी भर गया है। रास्ता डूबने से आवागमन ठप हो गया।बड़ी गाड़ियों और बाइक का रास्ता रुकने से नाराज लोगों ने सोमवार को हंगामा किया। लोगों का कहना है कि इस मार्ग से करीब 80 गांव के लोग जिला मुख्यालय आते-जाते हैं। पुल बनाने के लिए डेढ़ करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण पर खर्च किए गए हैं।
मार्च में पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। फरवरी 2027 तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, मगर इसके लिए जो डायवर्जन बनाया गया है, वह ठीक नहीं है। पहली बारिश में ही डायवर्जन पानी में डूब गया। पूर्व विधायक खोखा सिंह, अवनीश यादव, हरिकेश चौहान, भीम कुमार, उपेंद्र यादव, अजय, केशव, पवन आदि ने कहा कि वैकल्पिक मार्ग डूबने से लोग परेशान हैं।विशेष कर स्कूल जाने वाले बच्चे और बुजुर्गों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। जिला मुख्यालय से इन तमाम गांव का संपर्क कट गया है। कार्यकारी संस्था पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार जाटव ने कहा कि वैकल्पिक रास्ते को ठीक कराया जा रहा है। दो दिन में पानी में डूबे रास्ते पर ह्यूम पाइप डालकर आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।



