सादात (गाजीपुर) : अक्षय तृतीया पर भक्ति भाव से शुरू हुआ श्रीमद् भागवत ज्ञानयज्ञ, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

अक्षय तृतीया पर भक्ति भाव से शुरू हुआ श्रीमद् भागवत ज्ञानयज्ञ, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
सलेमपुर बघाई स्थित शहीद चन्द्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज में सात दिवसीय सत्संग का शुभारंभ, संत-महात्माओं के प्रवचनों से गूंजा परिसर

सादात (गाजीपुर)। क्षेत्र के सलेमपुर बघाई स्थित शहीद चन्द्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्रीमद् भागवत सद्भावना सत्संग ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। प्रथम दिन विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत की गई, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक रंग में रंग गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य यजमान डॉ. संतोष कुमार सिंह यादव, उनकी धर्मपत्नी एवं परिवारजनों द्वारा वैदिक रीति से पूजन कर किया गया। इस अवसर पर काशी से पधारे प्रकांड विद्वान एवं मुख्य पुजारी सुशील कुमार पांडे के निर्देशन में भागवत महापुराण का पारायण प्रारंभ हुआ। उनके साथ आए विद्वान संतजनों—रजनीश बाबा, अमन तिवारी, आशुतोष पांडे, आशीष उपाध्याय, पंकज ओझा एवं गोलू मिश्रा—ने भी विधिवत अनुष्ठान में सहभागिता निभाई।आयोजन में परम पूज्य सद्गुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज के सानिध्य में संत-महात्माओं द्वारा प्रतिदिन सायंकाल 4:30 बजे से 8:30 बजे तक सत्संग एवं आध्यात्मिक प्रवचन किए जाएंगे। मुख्य वक्ता के रूप में पूज्य श्री विभुजी महाराज सहित विभिन्न तीर्थस्थलों से पधारे संतजन श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश देंगे।सात दिनों तक चलने वाला यह ज्ञानयज्ञ 25 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा, जिसके उपरांत सायंकाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सिद्धपीठ हथियाराम मठ, गाजीपुर के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर पूज्य श्री भवानीनन्दन यति जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति भी कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान करेगी।आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, सद्भावना एवं सत्संग की महत्ता को प्रसारित करना है। उन्होंने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति गीतों, शंखध्वनि और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।



