राजघाट श्मशान हादसे में 2 वकीलों की मौत: पहले आलोक अस्थाना, फिर संजय सिंह ने तोड़ा दम; CMO पर FIR के बाद 4 घंटे चला वकीलों का हंगामा

राजघाट श्मशान हादसे में 2 वकीलों की मौत: पहले आलोक अस्थाना, फिर संजय सिंह ने तोड़ा दम; CMO पर FIR के बाद 4 घंटे चला वकीलों का हंगामा
गोरखपुर। राप्ती नदी के राजघाट स्थित अंत्येष्टि स्थल पर रविवार सुबह 11:30 बजे हुआ हादसा दो अधिवक्ताओं की मौत की वजह बन गया। गुंबदनुमा जर्जर छज्जा गिरने से मलबे में दबे अधिवक्ता आलोक अस्थाना और संजय सिंह दोनों की मौत हो गई। पहले रास्ते में आलोक अस्थाना ने दम तोड़ा, तो देर रात इलाज के दौरान दूसरे घायल वकील संजय सिंह की भी मौत हो गई।
ई-रिक्शा से ले जाना पड़ा अस्पताल, आधे घंटे तक नहीं आई एंबुलेंस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन करीब आधे घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। गुस्साए लोगों ने दोनों घायल वकीलों को ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में आलोक अस्थाना की गंभीर हालत देखकर उन्हें BRD मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।
पत्नी का सनसनीखेज आरोप – CMO ने कहा “रोज 10 मरते हैं”
मृतक आलोक अस्थाना की पत्नी शालिनी अस्थाना ने CMO डॉ. राजेश झा पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने CMO को फोन किया तो जवाब मिला – _”यहां रोज 10 लोग मरते हैं, एक और मर जाएगा तो क्या हो जाएगा?”_
पत्नी की तहरीर पर CMO राजेश झा और जिला अस्पताल के कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।
4 घंटे तक अस्पताल में हंगामा, एंबुलेंस तोड़ी
दो वकीलों की मौत की खबर से कचहरी में उबाल आ गया। दोपहर में बड़ी संख्या में अधिवक्ता जिला अस्पताल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। गुस्साए वकीलों ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी। SP सिटी, CO समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और करीब 4 घंटे बाद वकीलों को शांत कराया गया।
DM ने बनाई 3 सदस्यीय जांच कमेटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक उम्र मीणा ने ADM (नगर), SP सिटी और BRD मेडिकल कॉलेज के CMS डॉ. बी.एन. शुक्ला की 3 सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी को 7 दिन में रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया है।



