मरदह (गाजीपुर) : मरदह में पुलिस मुठभेड़: शातिर गौ तस्कर घायल होकर गिरफ्तार, ट्रक समेत 30 गोवंश बरामद

मरदह में पुलिस मुठभेड़: शातिर गौ तस्कर घायल होकर गिरफ्तार, ट्रक समेत 30 गोवंश बरामद

मरदह (गाजीपुर)। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मरदह पुलिस ने रविवार को एक शातिर गौ तस्कर को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से गोवंश से भरा एक ट्रक, अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किए गए।पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 की रात प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में गोवंश लादकर तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रक को लालापुरवा नहर रोड पर खड़ा कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 30 गोवंश (17 जीवित एवं 13 मृत) मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने अभियुक्त की तलाश शुरू की। रायपुर-बाघपुर क्षेत्र में पुलिस से घिरने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई संतुलित फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह भेजा गया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जावेद आलम (30 वर्ष) पुत्र नियाज अहमद, निवासी ग्राम पारा, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से टाटा कंपनी का ट्रक (UP62T6375), 30 गोवंश (17 जीवित व 13 मृत), एक देशी तमंचा .315 बोर तथा एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया है।पुलिस ने इस संबंध में थाना मरदह पर मु0अ0सं0 0218/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस, 3/25 आर्म्स एक्ट तथा 3/5A/8/5B गोवध निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध गोरखपुर, जौनपुर एवं गाजीपुर सहित विभिन्न जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में थाना मरदह पुलिस टीम द्वारा की गई।

