बहरियाबाद (गाजीपुर) : श्रद्धांजलि सभा में स्व. राम विजय चौहान को भावभीनी श्रद्धांजलि, सावित्री चौहान को सौंपी गई संगठन की जिम्मेदारी

श्रद्धांजलि सभा में स्व. राम विजय चौहान को भावभीनी श्रद्धांजलि, सावित्री चौहान को सौंपी गई संगठन की जिम्मेदारी

बहरियाबाद (गाजीपुर)। सर्व समाज विकास मंच एवं जन कल्याण विकलांग सेवा समिति के प्रबंधक स्वर्गीय राम विजय चौहान की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, दिव्यांग, विधवा, दलित एवं अन्य समाज के लोग शामिल हुए। सभा में सभी ने स्व. राम विजय चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक कार्यों को याद किया।कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भाई कमलेश राम ने भावुक होकर स्व. राम विजय चौहान को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्व. राम विजय चौहान ने अपना जीवन गरीबों, दिव्यांगों, विधवाओं एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके अधूरे सपनों को पूरा करना ही संगठन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी।राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा किसी भी दिव्यांग, विधवा, गरीब या दलित के साथ अन्याय होने पर संगठन सड़क से लेकर प्रशासन तक मजबूती से आवाज उठाएगा।सभा के दौरान संगठन की सहमति से स्व. राम विजय चौहान की पुत्रवधू सावित्री चौहान को संगठन का नया प्रबंधक नियुक्त किया गया। जिम्मेदारी मिलने के दौरान सावित्री चौहान भावुक हो गईं। उपस्थित लोगों ने उनका हौसला बढ़ाते हुए विश्वास दिलाया कि पूरा संगठन उनके साथ खड़ा रहेगा।इस अवसर पर बहरियाबाद थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। उन्होंने दिव्यांगों, विधवाओं एवं जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। थाना परिसर में उपस्थित लोगों का जलपान भी कराया गया। संगठन की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश राम ने थाना प्रभारी का माल्यार्पण कर स्वागत किया, जबकि थाना प्रभारी ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का सम्मान करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही नवनियुक्त प्रबंधक सावित्री चौहान को पुष्प भेंट कर शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्व. राम विजय चौहान के योगदान को याद करते हुए उनके सम्मान में नारे लगाए तथा संगठन की एकजुटता और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर संघर्ष का संकल्प दोहराया।


