दुल्लहपुर, गाजीपुर : आरएस हॉस्पिटल में पहली बार सफल हुआ घुटने का प्रत्यारोपण

आरएस हॉस्पिटल में पहली बार सफल हुआ घुटने का प्रत्यारोपण
ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी सर्जरी कर डॉक्टर रजत सिंह एवं टीम ने रचा उपलब्धि का नया अध्याय

दुल्लहपुर, गाजीपुर। माँ इसरावती एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट, दुल्लहपुर गाजीपुर द्वारा संचालित आर.एस. हॉस्पिटल में शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के दिन वरिष्ठ हड्डी रोग सर्जन डॉ. रजत सिंह (एमबीबीएस, एमएस, आर्थोपेडिक सर्जन) एवं उनकी चिकित्सकीय टीम ने घुटने का सफल प्रत्यारोपण (टोटल नी रिप्लेसमेंट) किया। ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार की जटिल एवं बड़ी सर्जरी का सफलतापूर्वक होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।वरिष्ठ हड्डी रोग सर्जन डॉ. रजत सिंह ने बताया कि टोटल नी रिप्लेसमेंट का मुख्य उद्देश्य घुटने के जोड़ में होने वाले दर्द से मरीज को राहत दिलाना तथा उसकी गतिशीलता और दैनिक गतिविधियों में सुधार करना है। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति चिकित्सकों की निगरानी में बताई गई।अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि दुल्लहपुर जैसे ग्रामीण एवं अपेक्षाकृत पिछड़े क्षेत्र में अब हड्डी रोग से संबंधित गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी। आर.एस. हॉस्पिटल में अनुभवी चिकित्सकीय टीम द्वारा घुटने का सफल प्रत्यारोपण किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में इससे पूर्व कूल्हे का भी सफल प्रत्यारोपण किया जा चुका है और संबंधित मरीज स्वस्थ हैं।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की बड़ी सर्जरी का सफल होना अस्पताल के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। अस्पताल प्रबंधन का प्रयास है कि अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक ही उपलब्ध कराई जाएं।अस्पताल की सह निदेशिका साधना तिवारी ने बताया कि आर.एस. हॉस्पिटल में आने वाले समय में न्यूरो सर्जरी की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी है। उन्होंने सफल ऑपरेशन के लिए चिकित्सकों एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर रजीत गोपाल, अनुज, राजनिश, राजेश चौहान, नंदिनी, डॉ. जे.पी. सहित अस्पताल के समस्त चिकित्सक एवं स्टाफ मौजूद रहे।



