Breaking Newsभारत

डीएम दीपक मीणा के नेतृत्व में शोकसभा, दो मिनट मौन रख दी गई श्रद्धांजलि

डीएम दीपक मीणा के नेतृत्व में शोकसभा, दो मिनट मौन रख दी गई श्रद्धांजलि

गोरखपुर। कलेक्ट्रेट में तैनात ईआरके सतेन्द्र कुमार सिंह के आकस्मिक निधन से पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में गहरा शोक व्याप्त है। रविवार को उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे उनका निधन हो गया। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही सहकर्मियों और अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में शोकसभा का आयोजन किया गया, जहां दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्री सिंह वर्ष 1994 में कलेक्ट्रेट सेवा में आए थे और अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा एवं विनम्र व्यवहार के कारण सभी के बीच लोकप्रिय थे। उनके अचानक चले जाने से सहकर्मियों को गहरा आघात लगा है। शोकसभा में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों की आंखें नम थीं और सभी के चेहरों पर उनके साथ बिताए पलों की स्मृतियां साफ झलक रही थीं। कई कर्मचारियों ने भावुक होकर कहा कि सतेन्द्र कुमार सिंह का इस तरह अचानक साथ छोड़ देना अब भी विश्वास से परे लग रहा है।
दिवंगत सतेन्द्र कुमार सिंह अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। परिवार के समक्ष इस असमय आई विपत्ति ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। उपस्थित लोगों ने कहा कि होनी को कोई टाल नहीं सकता, लेकिन श्री सिंह का इस तरह चले जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। सहकर्मियों ने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
शोकसभा में एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश सिंह, कलेक्ट्रेट संघ अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, मंत्री विश्वेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button