जन्माष्टमी पर बाल गोपाल को झूला झुलाएंगे सीएम योगी, गोरखपुर में कृष्णमय होगी रात; गीता वाटिका, इस्कॉन और गोरखनाथ मंदिर में भव्य आयोजन

जन्माष्टमी पर बाल गोपाल को झूला झुलाएंगे सीएम योगी, गोरखपुर में कृष्णमय होगी रात; गीता वाटिका, इस्कॉन और गोरखनाथ मंदिर में भव्य आयोजन

गोरखपुर। कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर गोरखपुर में हर तरफ खास रौनक है। शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों – गोरखनाथ मंदिर, गीता वाटिका, इस्कॉन मंदिर और जलकल परिसर में भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। हर साल इन जगहों पर हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
गोरखनाथ मंदिर में शाम 7 बजे से कार्यक्रम –
गोरखनाथ मंदिर परिसर में शाम 7 बजे से महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में बच्चों के लिए विशेष फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया है। इसमें 1 से 5 वर्ष के बच्चे ‘कान्हा’ और 6 से 8 वर्ष के बच्चे ‘गोपाल’ के रूप में सज-धज कर हिस्सा लेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ खुद बच्चों को दुलारते हुए उपहार और खिलौने बांटेंगे। इसके बाद मंदिर के मुख्य प्रांगण और गर्भगृह के सामने भजनों की मधुर प्रस्तुतियां होंगी।
प्रोग्राम के आयोजक राकेश ने बताया कि रात 12 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री कृष्ण का जन्म होते ही सीएम योगी बाल रूप को पालने में झुलाएंगे। जन्मोत्सव के बाद प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। वहीं जलकल परिसर में लगने वाले पारंपरिक मेले का शहरवासी सुबह से ही जमकर लुत्फ उठाएंगे। रात 12 बजे तक उत्सव का माहौल बना रहेगा।
गीता वाटिका में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब –
राधा-कृष्ण की साधना स्थली गीता वाटिका में भी जन्मोत्सव को लेकर बेहद खूबसूरत झांकियां सजाई गई हैं। यहां रात 10 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। देर रात तक चलने वाले इस आयोजन में भक्त रात्रिकालीन बधाई गायन, अखंड हरिनाम संकीर्तन और रासलीला के दर्शन का आनंद लेंगे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे परिसर में सुरक्षा और दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। सचिव उमेश सिंघानिया ने बताया कि हर साल इस दिन सुबह से ही दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो जाती है। दूर-दराज से श्रद्धालु यहां पहुंच कर आशीर्वाद लेते हैं।



