जखनिया (गाजीपुर) : भाजपा मंडल जखनिया प्रथम की मासिक बैठक सम्पन्न, जून माह के कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा

भाजपा मंडल जखनिया प्रथम की मासिक बैठक सम्पन्न, जून माह के कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा
बूथ स्तर तक चलेंगे जनसंपर्क, जल कल्याण शिविर, योग दिवस व पर्यावरण संरक्षण अभियान

जखनिया (गाजीपुर)। भारतीय जनता पार्टी मंडल जखनिया प्रथम की मासिक बैठक ग्राम सचिवालय सर्किट हाउस मंदरा में सम्पन्न हुई। बैठक में जून माह में पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई तथा उन्हें बूथ स्तर तक सफलतापूर्वक संचालित करने की रणनीति बनाई गई।बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व जिला मंत्री एवं मंडल प्रभारी संतोष चौहान ने कहा कि पार्टी द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रमों को मंडल से लेकर बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित करना है। उन्होंने बताया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रत्येक बूथ पर “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा।उन्होंने बताया कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 14 जून से जल कल्याण शिविर आयोजित कर सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। 16 से 17 जून तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन तथा 17 से 20 जून तक सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तथा 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस का आयोजन किया जाएगा। साथ ही माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात का बूथ स्तर तक सामूहिक श्रवण कराया जाएगा।भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमाण वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष के 365 दिन जनसेवा और संगठन विस्तार के कार्यों में सक्रिय रहती है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा वर्ष 2027 में पुनः उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाला विचार है।बैठक में जिला कार्यसमिति सदस्य उमाशंकर यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता दयाशंकर सिंह, इंद्रदेव कुशवाहा, दशरथ चौहान, प्रशांत सिंह, रामरतन कुशवाहा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि झुन्ना सिंह, अरविंद चौहान, नलनीश सिंह, संदीप जायसवाल, मुन्ना सिंह, सत्येंद्र पासवान, लक्ष्मण चौहान एवं शंभूनाथ त्रिपाठी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री पंकज सिंहा ने किया, जबकि अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर ने की।



