Breaking Newsभारत

गाजीपुर : पीएम सूर्य घर योजना में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, बैंकों को 3 से 7 दिन में लोन निस्तारण के निर्देश

पीएम सूर्य घर योजना में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, बैंकों को 3 से 7 दिन में लोन निस्तारण के निर्देश

7009 सोलर रूफटॉप लक्ष्य के सापेक्ष 3479 स्थापना पूर्ण, लंबित मामलों पर जताई नाराजगी

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, लंबित ऋण पत्रावलियों तथा सोलर रूफटॉप स्थापना कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।परियोजना अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंत तक जनपद में 7009 घरों पर सोलर रूफटॉप स्थापना का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 3479 घरों पर स्थापना कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं विभिन्न बैंकों में 1088 ऋण पत्रावलियां लंबित हैं।इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला अग्रणी प्रबंधक एवं सभी बैंकों के जिला समन्वयकों को निर्देश दिया कि एक माह से अधिक समय से लंबित ऋण पत्रावलियों का निस्तारण तीन दिनों के भीतर तथा एक माह के अंदर लंबित मामलों का निस्तारण सात दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक शाखाएं बिना उचित कारण किसी भी आवेदन को निरस्त न करें तथा ऋण वितरण में अनावश्यक विलंब करने वाले शाखा प्रबंधकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु संबंधित बैंक मुख्यालय को पत्र भेजा जाए।बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण संबंधी कार्य पोर्टल पर तीन दिनों के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा मीटर स्थापना एवं कॉन्फिगरेशन का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही विद्युत बिल संशोधन के लंबित मामलों के निस्तारण के लिए सभी डिवीजनों में मेगा कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए सभी अधिकृत वेंडरों को तहसील भवन, नगर पालिका कार्यालय, शिक्षा विभाग के कार्यालयों तथा विद्युत वितरण खंड एवं उपखंड कार्यालयों में विशेष कैंप लगाकर लोगों को पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर रूफटॉप स्थापना के लिए जागरूक करने को कहा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी सच्चिदानंद तिवारी, जिला अग्रणी प्रबंधक राजदेव कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, जीएमआर स्मार्ट मीटर के प्रतिनिधि पीयूष कुमार, राष्ट्रीयकृत बैंकों के जिला समन्वयक तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button