गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्र नेताओं का अनोखा विरोध, प्रॉक्टर और असिस्टेंट प्रॉक्टर के लगाए ‘गुमशुदगी’ के पोस्टर

गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्र नेताओं का अनोखा विरोध, प्रॉक्टर और असिस्टेंट प्रॉक्टर के लगाए ‘गुमशुदगी’ के पोस्टर

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे छात्र नेताओं ने शनिवार को अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। छात्र नेता सतीश प्रजापति समेत कई छात्र पिछले दो दिनों से प्रशासनिक भवन के सामने धरना और भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्रों का आरोप है कि लगातार आंदोलन के बावजूद विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर टीएन मिश्रा और असिस्टेंट प्रॉक्टर वेद प्रकाश राय ने अब तक उनकी सुधि नहीं ली है।
इसी नाराजगी के चलते छात्र नेता सतीश प्रजापति ने प्रशासनिक भवन में प्रॉक्टर टीएन मिश्रा और असिस्टेंट प्रॉक्टर वेद प्रकाश राय की ‘गुमशुदगी’ के पोस्टर चस्पा कर दिए। पोस्टर में दोनों को ढूंढकर लाने वाले को दो रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है। प्रशासनिक भवन परिसर में जगह-जगह लगाए गए इन पोस्टरों को लेकर लोगों के बीच चर्चा रही।
छात्र नेताओं का कहना है कि वे अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से धरना और भूख हड़ताल कर रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसी के विरोध में उन्होंने व्यंग्यात्मक तरीके से प्रॉक्टर और असिस्टेंट प्रॉक्टर की ‘गुमशुदगी’ के पोस्टर लगाए हैं।
छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन गंभीरता से विचार नहीं करता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।


