गोरखपुर में CM योगी का जनता दर्शन, 200 लोगों की सुनीं समस्याएं – बोले, तहसील-थाना स्तर पर ही हो त्वरित निस्तारण

गोरखपुर में CM योगी का जनता दर्शन, 200 लोगों की सुनीं समस्याएं – बोले, तहसील-थाना स्तर पर ही हो त्वरित निस्तारण
*गोरखपुर, 30 अगस्त।* गोरखपुर प्रवास के तीसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन किया। उन्होंने 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। यह लगातार दूसरा दिन था जब CM ने जनता दर्शन किया।
सुबह से ही लोग महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर कुर्सियों पर बैठे थे। मुख्यमंत्री एक-एक कर सभी के पास पहुंचे, उनके प्रार्थना पत्र हाथ में लिए और विस्तार से उनकी बात सुनी।
*अधिकारियों को सख्त निर्देश*
CM ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए, इसमें देरी नहीं होनी चाहिए। तहसील और थाना स्तर पर ही मामलों को हल करें, राजस्व के वाद भी समय से निस्तारित किए जाएं। जिस जिले का मामला हो, संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
*जमीन और इलाज की गुहार*
– गोंडा से आई एक महिला ने राजस्व से जुड़ी समस्या और लेखपाल, नायब तहसीलदार पर आरोप लगाए। CM ने जांच कर कार्रवाई की बात कही।
– कुशीनगर से आई महिला ने रास्ता न मिलने की शिकायत की। CM ने कमिश्नर को निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटवाकर रास्ता दिलवाया जाए और अवैध कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
– कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे। CM ने भरोसा दिया कि सरकार सबकी मदद करेगी और अधिकारियों को इस्टीमेट बनवाकर सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
*बच्चों को दुलारा, गौशाला में की सेवा*
जनता दर्शन में कई महिलाओं के साथ आए बच्चों को CM ने दुलारा, चॉकलेट दी और पढ़ाई के बारे में पूछा। जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री गौशाला पहुंचे, जहां गायों को गुड़ व रोटी खिलाई, उन्हें दुलारा और उचित देखभाल के निर्देश दिए।



