गोरखपुर में महिला की हत्या कर शव खेत में फेंका, दुष्कर्म की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

गोरखपुर में महिला की हत्या कर शव खेत में फेंका, दुष्कर्म की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के गहिरा गांव के भूमिहार टोला में गुरुवार सुबह सड़क किनारे खेत में एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है। ग्रामीणों ने सुबह करीब 7 बजे खेत में शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीण ने मानवता दिखाई
शव की स्थिति को देखकर एक ग्रामीण ने उस पर कपड़ा डालकर उसे ढका और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
मौके से मोबाइल, कपड़े और चप्पल बरामद
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर महिला के कुछ कपड़े, एक जोड़ी चप्पल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर उसके जरिए महिला की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
गला दबाकर हत्या की आशंका
पुलिस को मृतका के गले पर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को लाकर खेत में फेंका गया है।
एसपी नॉर्थ ने दी जानकारी
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार के मुताबिक, पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। महिला की पहचान के लिए आसपास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से भी जांच की जा रही है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।



