Breaking Newsभारत

गोरखपुर: कैंपियरगंज में सपा नेता चिंता यादव की यात्रा को प्रशासन ने रोका, अनुमति को लेकर पुलिस से नोकझोंक, बढ़ी सियासी सरगर्मी

गोरखपुर: कैंपियरगंज में सपा नेता चिंता यादव की यात्रा को प्रशासन ने रोका, अनुमति को लेकर पुलिस से नोकझोंक, बढ़ी सियासी सरगर्मी

गोरखपुर (जंगल कौड़िया)। 320 कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के अंदर की सियासी खींचतान अब खुलकर सामने आ रही है।

रविवार, 6 सितंबर को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चिंता यादव के परिवार की ओर से एक राजनीतिक यात्रा निकाली गई। यह यात्रा सुबह करीब 11 बजे पीपीगंज के भगवानपुर चौराहे से शुरू हुई और जंगल कौड़िया टोल प्लाजा तक पहुंची। इसमें सपा कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल थे।

टोल प्लाजा पर पहुंचने पर प्रशासन ने यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रशासन का कहना था कि यात्रा के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं में नोकझोंक हो गई।

प्रशासन ने क्या कहा:
कैंपियरगंज के उपजिलाधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि रैली के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। वहीं पीपीगंज थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कह रहे हैं कि उन्हें इस यात्रा के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी।

कुछ दिन पहले ही नवीन यादव ने सपा का बैनर लगाकर खुद को कैंपियरगंज से पार्टी का भावी प्रत्याशी बताया था और एक बड़ी रैली की थी, जिसमें जिला अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे। इसके बाद चिंता यादव परिवार ने भी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के लिए यह यात्रा आयोजित की। परिवार का कहना है कि स्थानीय होने के बावजूद पार्टी में उन्हें उचित महत्व नहीं मिल रहा है।

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को विधानसभा क्षेत्र में टिकट की दावेदारी और वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button