Breaking Newsभारत

गाजीपुर : श्रावण माह, कांवड़ यात्रा व रक्षाबंधन को लेकर पीस कमेटी की बैठक, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश

श्रावण माह, कांवड़ यात्रा व रक्षाबंधन को लेकर पीस कमेटी की बैठक, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश

10 फीट से ऊंचे डीजे पर होगी कार्रवाई, कांवड़ मार्गों पर एंबुलेंस, पुलिस बल और सभी जरूरी व्यवस्थाएं रहेंगी उपलब्ध

गाजीपुर। आगामी 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक चलने वाले श्रावण माह, कांवड़ यात्रा एवं रक्षाबंधन पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, डीजे संचालकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि श्रावण माह की कांवड़ यात्रा सहित सभी पर्व एवं त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे, गंगा-जमुनी तहजीब और शांति के वातावरण में मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा केवल चिन्हित मार्गों से ही निकाली जाएगी तथा डीजे पर केवल निर्धारित ध्वनि सीमा में भक्ति गीत ही बजाए जाएंगे। 10 फीट से अधिक ऊंचाई वाले डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों की मरम्मत, गड्ढामुक्त सड़कें तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्गों पर निर्धारित स्थानों पर एंबुलेंस एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।
उन्होंने नगर पालिका, नगर पंचायतों एवं ग्राम प्रधानों को सभी प्रमुख शिवालयों, घाटों और कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग, नाव और गोताखोरों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि जुलूस एवं शोभायात्रा मार्गों पर लटक रहे बिजली के तारों का तत्काल सत्यापन कर उन्हें दुरुस्त किया जाए जिलाधिकारी ने दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। वहीं सभी खंड विकास अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों के मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और गड्ढामुक्त सड़कें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में सतत भ्रमण कर स्थानीय लोगों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।जिलाधिकारी ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे छोटे बच्चों को घाटों पर लेकर जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ. राकेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, सभी थाना प्रभारी, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी, डीजे संचालक तथा जनपद के संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने कांवड़ यात्रा एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button