गाजीपुर : पुलिस कार्यालय में ‘जल शपथ’ कार्यक्रम आयोजित, अधिकारियों-कर्मचारियों ने जल संरक्षण का लिया संकल्प

पुलिस कार्यालय में ‘जल शपथ’ कार्यक्रम आयोजित, अधिकारियों-कर्मचारियों ने जल संरक्षण का लिया संकल्प

गाजीपुर। भारत सरकार के राष्ट्रीय जल मिशन के अंतर्गत जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कार्यालय, गाजीपुर में “जल शपथ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए जल बचाने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, भू-जल संरक्षण तथा प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए शपथ दिलाई गई। साथ ही यह भी संकल्प लिया गया कि दैनिक जीवन में जल की प्रत्येक बूंद के महत्व को समझते हुए उसके अपव्यय को रोका जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “जल ही जीवन है” और इसके बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। बढ़ते जल संकट को देखते हुए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जल संसाधनों का संरक्षण करे तथा भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प दोहराया कि वे स्वयं जल संरक्षण के उपाय अपनाएंगे तथा समाज में भी जल बचाने और वर्षा जल संचयन के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएंगे। इस दौरान जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान भी किया गया।

