Breaking Newsभारत

गाजीपुर : “विरासत में जो मिला है, उसे अगली पीढ़ी के लिए बेहतर बनाकर देना हमारी जिम्मेदारी” : डॉ. आर.पी. सिंह

“विरासत में जो मिला है, उसे अगली पीढ़ी के लिए बेहतर बनाकर देना हमारी जिम्मेदारी” : डॉ. आर.पी. सिंह

‘Gen Z For Greener Tomorrow’ कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और पूर्वांचल के सतत विकास पर मंथन, 1000 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

गाजीपुर, 2 सितंबर 2026। पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें हरित एवं टिकाऊ भविष्य के निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को ‘Gen Z For Greener Tomorrow’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, टेरी एजुकेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (TERI), पीजी कॉलेज गाजीपुर, आदर्श इंटर कॉलेज, कृषि विज्ञान केंद्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में करीब 1000 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह ने वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत शिव वाटिका उद्यान में नारियल का पौधा रोपित किया। इसके बाद उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों की सहभागिता से शिव वाटिका में कुल 100 पौधे लगाए गए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. आर.पी. सिंह ने कहा, “हमें विरासत में जो मिला है, उसे अगली पीढ़ी के लिए बेहतर बनाकर देना हमारी जिम्मेदारी है।” उन्होंने Gen Z की ऊर्जा, प्रतिभा, क्षमता और नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से पूर्वांचल की अपार विकास संभावनाओं को सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल से पर्यावरण पर पड़ रहे दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने बायोडिग्रेडेबल एवं कम्पोस्टेबल प्लास्टिक तथा PLA आधारित उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।कार्यक्रम के तहत NSS के विद्यार्थियों ने गोराबाजार सब्जी मंडी में जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद NSS, NCC, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा रोवर्स एवं रेंजर्स के विद्यार्थियों ने टेरी पीजी कॉलेज मैदान से विकास भवन तक जागरूकता रैली निकाली। रैली में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक का कम इस्तेमाल और पौधरोपण के प्रति लोगों को जागरूक किया।मुख्य अतिथि डॉ. आर.पी. सिंह को कार्यक्रम स्थल पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने स्वर्गीय बाबू राजेश्वर प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के अपर महाअधिवक्ता श्री अजीत प्रताप सिंह ने भी युवाओं से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि Gen Z यानी युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। दैनिक जीवन में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कम करना, कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करना, प्लास्टिक कचरे का उचित निस्तारण और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना जैसे छोटे-छोटे प्रयास हरित एवं टिकाऊ भविष्य के निर्माण में बड़ा योगदान दे सकते हैं।कार्यक्रम में डीएफओ गाजीपुर अजीत सिंह, TERI के निदेशक एवं प्राचार्य तथा यूपीपीसीबी वाराणसी के क्षेत्रीय अधिकारी रोहित कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. (डा.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डा. अमित प्रताप ने किया।इस अवसर पर श्री संजय भटनागर, राणा प्रताप सिंह, संजीव सिंह, डा. बालेश्वर सिंह, डा. विनोद सिंह, अनिल कुमार श्रीवास्तव, डा. दिनेश सिंह, डा. अजातशत्रु सिंह,पीयूष सिंह, डॉ. दुर्गेश कुमार सिंह, डा. सुभाष चन्द्र गुप्त, कमला प्रसाद गुप्त सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button