गाजीपुर : भूजल सप्ताह 2026: जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर, किसानों और विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

भूजल सप्ताह 2026: जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर, किसानों और विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में चल रहे भूजल सप्ताह-2026 के अंतर्गत सोमवार को जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में किसानों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को जल बचाने, वर्षा जल संचयन तथा आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।जिला उद्यान अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को सूक्ष्म सिंचाई (माइक्रो इरिगेशन) तकनीकों, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली, जल के दक्ष उपयोग तथा कम पानी में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों से आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाकर जल संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जल संरक्षण विषयक गोष्ठियों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं को जल का विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संचयन, भूजल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया तथा उन्हें जल बचाने का संकल्प भी दिलाया गया।इसी क्रम में लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंताओं द्वारा रेवतीपुर, सैदपुर, सादात एवं देवकली विकास खंडों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जल के सतत एवं समुचित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान भी किया गया।अधिकारियों ने बताया कि भूजल सप्ताह-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण हेतु सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करना है।



