गाजीपुर : बाढ़ प्रभावित परिवारों को 356 राहत किट का वितरण, प्रशासन ने लिया राहत व्यवस्थाओं का जायजा

बाढ़ प्रभावित परिवारों को 356 राहत किट का वितरण, प्रशासन ने लिया राहत व्यवस्थाओं का जायजा

गाजीपुर, 05 सितम्बर। बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सदर क्षेत्र के दीनापुर बाढ़ शरणालय में राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम महबलपुर और मकसूदनपाह के बाढ़ प्रभावित परिवारों को कुल 356 बाढ़ राहत किट वितरित की गईं।राहत किट का वितरण भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर विनोद जोशी एवं तहसीलदार सदर राजीव यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं स्थिति की जानकारी ली तथा राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री एवं अन्य जरूरी सहायता समय से पहुंचाई जाए।प्रशासन की ओर से बताया गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रभावित लोगों को आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया है।अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है।



