गाजीपुर : ढाई करोड़ की हेरोइन के साथ छह तस्कर गिरफ्तार

ढाई करोड़ की हेरोइन के साथ छह तस्कर गिरफ्तार
गाजीपुर। अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिरनो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मीरपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान छह युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 350 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये आंकी गई है।पुलिस के अनुसार शनिवार को बिरनो थाना की टीम मीरपुर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान छह आरोपितों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 350 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर सभी आरोपितों के खिलाफ थाना बिरनो में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/27ए/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।गिरफ्तार आरोपितों में किशन विश्वकर्मा निवासी अरसदपुर थाना जंगीपुर, शुभम कुमार ठठेरा निवासी वार्ड संख्या 11 जंगीपुर, मंजीत यादव निवासी कोड़री थाना मरदह, रविकांत कुमार निवासी माफी बैदौली (कोड़री) थाना मरदह, अमन यादव उर्फ मलाई निवासी पिपनार थाना मरदह तथा मनीष कुमार उर्फ छोटू निवासी सरायवंदी थाना बिरनो शामिल हैं।पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई को बिरनो थाना के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार यादव एवं उनकी टीम ने अंजाम दिया।



