Breaking Newsभारत

गाजीपुर : छात्राओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, रोजगार सृजक बनने के लिए करें तैयार : डॉ. शंभु शरण प्रसाद

छात्राओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, रोजगार सृजक बनने के लिए करें तैयार : डॉ. शंभु शरण प्रसाद

राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में व्यवसाय योजना पर कार्यशाला, करीब 100 छात्राओं ने किया प्रतिभाग

गाजीपुर, 07 सितम्बर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर एवं अविष्कार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं में उद्यमिता एवं नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सोमवार को व्यवसाय योजना (Business Plan) विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में करीब 100 छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की।कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मक सोच, समस्या समाधान की क्षमता, नवाचार एवं उद्यमशीलता के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर एवं रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यशाला को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभु शरण प्रसाद ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल रोजगार प्राप्त करने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजक बनने के लिए आवश्यक कौशलों से सुसज्जित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज उद्यमिता विकास समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। विद्यार्थियों को समाज में मौजूद समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए नवाचारी दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।उन्होंने कहा कि “आवश्यकता आविष्कार और नवाचार की जननी है” की भावना को ध्यान में रखते हुए हमारे आसपास मौजूद समस्याओं को पहचानना उद्यमिता की पहली सीढ़ी है। किसी समस्या का समाधान तलाशने के लिए नवीन विचार के साथ वित्तीय संसाधन, विपणन, लागत विश्लेषण, ग्राहक एवं बाजार की पहचान तथा भविष्य की संभावनाओं का आकलन भी आवश्यक है।कार्यशाला में व्यवसाय योजना के विभिन्न चरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें समस्या की पहचान, समाधान के रूप में नवीन विचार, व्यवसाय का नामकरण, संसाधन एवं संसाधन नियोजन, विपणन एवं बिक्री, ग्राहक एवं बाजार की पहचान, विशिष्ट सेवा अथवा उत्पाद का डिजाइन, वित्तीय नियोजन तथा भविष्य में विकास की संभावनाओं को प्रमुखता से समझाया गया।महाविद्यालय की इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल के समन्वयक डॉ. पीयूष सिंह के नेतृत्व में कार्यशाला एवं नवाचार संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. शिव कुमार, डॉ. हरेंद्र यादव, डॉ. एखलाक अहमद, डॉ. राजेश कुमार यादव, डॉ. रामनाथ केसरवानी एवं डॉ. गजनफर सईद सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button