गाजीपुर : ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान में गाजीपुर ने रचा हरियाली का इतिहास, 47.68 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य पूरा करने का संकल्प

‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान में गाजीपुर ने रचा हरियाली का इतिहास, 47.68 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य पूरा करने का संकल्प

गाजीपुर, 12 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जनपद गाजीपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को वृहद पौधरोपण अभियान उत्साह और जनसहभागिता के साथ आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम विकास खंड बिरनो के शेखपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और आमजन ने मिलकर पौधरोपण किया।कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, वाराणसी मंडल के आयुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी एस. राजलिंगम तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मंत्रोच्चार के बीच लगभग 200 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में लोकगायक राकेश कुमार ने “आओ धरती सजाएं आसमान के लिए, एक पेड़ तुम लगाओ अपनी माँ के लिए” गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गाजीपुर जिले में 47 लाख 68 हजार 730 पौधों का रोपण किया जा रहा है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान जिन स्थानों पर पेड़ों की कटाई हुई है, वहां पुनः बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर पर्यावरण संतुलन स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाने की अपील की।विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को केवल “एक पेड़ माँ के नाम” ही नहीं बल्कि परिवार के प्रत्येक सदस्य के नाम भी एक-एक पौधा लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधों का पालन-पोषण उसी तरह करना चाहिए जैसे अपने बच्चों का किया जाता है। उन्होंने नदियों के किनारे भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने पर जोर दिया।जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि वृक्ष हमारी आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने लोगों से औषधीय एवं फलदार पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बाढ़ और सूखे जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण ही है।भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों का विशेष महत्व रहा है। ऋषि-मुनियों ने वृक्षों की छाया में ज्ञान की साधना की और आज भी मानव जीवन, जल, अन्न और ऑक्सीजन का आधार वृक्ष ही हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माता के नाम एक पौधा अवश्य लगाने का आह्वान किया।प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए जनपद में कुल 47 लाख 68 हजार 730 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें वन विभाग द्वारा 19 लाख 29 हजार तथा अन्य 27 विभागों द्वारा 28 लाख 39 हजार 730 पौधों का रोपण जनसहभागिता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाया जाए।कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने पर रणधीर यादव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मंच पर मुख्य अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) बृजेश श्रीवास्तव ने किया।इस अवसर पर वाराणसी मंडल के आयुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा, जिला विकास अधिकारी राजन राय, उपजिलाधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र पटेल, डीसी मनरेगा विजय यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एवं गाइड के कैडेट, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे और सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।



