गोरखपुर में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पर हमला:भीड़ ने अंडे फेंके, गाड़ियों के शीशे तोड़े; अखिलेश बोले- ये बड़ी साजिश है

गोरखपुर में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पर हमला:भीड़ ने अंडे फेंके, गाड़ियों के शीशे तोड़े; अखिलेश बोले- ये बड़ी साजिश है
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर नेता विरोधी दल विधान सभा माता प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल आज निर्धारित रास्ते से व्यापारियों से मिलने गोरखपुर पहुंचा। भाजपा के विधायक, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतिनिधिमंडल के साथ धक्का मुक्की की और अभद्रता की, काला झंडा दिखाया और रोकने के लिए जेसीबी का भी इस्तेमाल किया।
समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने माता प्रसाद पाण्डेय और नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव के साथ वहीं धरना दिया। बाद में पैदल मार्च करते हुए व्यापारियों के पास पहुंचे।
माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि भाजपा का रवैया लोकतंत्र विरोधी और जनविरोधी है। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल को भाजपा के लोगों ने रोका। दुर्व्यवहार किया धक्कामुक्की की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गोरखपुर का विरासत गलियारा के नाम पर धर्मशाला बाजार से घंटाघर होते हुए पाण्डेय हाता, नार्मल पुलिस चौकी तक विस्तारीकरण के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। शासन के इशारे पर लोकनिर्माण विभाग द्वारा सैकड़ों व्यापारियों की दुकानों और मकानों को तोड़ा जा रहा है। उन्हें बाजार भाव के अनुसार मुआवजा नहीं दिया जा रहा है।
समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल आज पीड़ित व्यापारियों से मिलने जा रहा था। लेकिन भाजपा के लोगों ने लोकतंत्र विरोधी रवैया दिखाते हुए न्याय की आवाज दबाने के लिए प्रतिनिधिमंडल को रोका। भाजपा सच्चाई छिपाना चाहती है। लोगों का उत्पीड़न कर रही है। भाजपा सरकार में अघोषित आपातकाल है। लोकतंत्र की हत्या हो रही है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने मांग किया कि व्यापारियों का उत्पीड़न रोका जाए। उन्हें बाजार भाव के अनुसार मुआवजा दिया जाए। प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव, गोरखपुर के सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम, महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी समेत पार्टी के अन्य नेता शामिल रहे।