गाजीपुर : गिले-शिकवे भुलाकर फिर एक-दूजे के हुए तीन दंपति

गिले-शिकवे भुलाकर फिर एक-दूजे के हुए तीन दंपति
परिवार परामर्श केंद्र ने 27 प्रकरणों की सुनवाई कर तीन परिवारों में कराया सफल समझौता

गाजीपुर। महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र गाजीपुर ने पारिवारिक विवादों के समाधान की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए आपसी मतभेद के चलते अलग रह रहे तीन दंपतियों के बीच सफलतापूर्वक सुलह-समझौता कराया। दोनों पक्षों ने आपसी गिले-शिकवे भुलाकर बिना किसी दबाव के राजी-खुशी से साथ रहने पर सहमति जताई, जिसके बाद तीनों दंपतियों की सकुशल विदाई कराई गई।पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के कुशल निर्देशन में रविवार, 6 सितंबर 2026 को महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र में पति-पत्नी के विवाद से संबंधित कुल 27 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इस दौरान काफी समय से विवादित चल रहे 03 प्रकरणों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझाइश एवं मध्यस्थता के माध्यम से विवाद का समाधान कराया गया।इसके अतिरिक्त 04 प्रकरणों में कुशलता की जानकारी मिलने के बाद पत्रावली बंद कर दी गई, जबकि 06 प्रकरणों में विधिक सुझाव देते हुए पत्रावली का निस्तारण किया गया। वहीं 05 प्रकरणों में दोनों पक्षों के उपस्थित न होने के कारण पत्रावली बंद कर दी गई। शेष प्रकरणों में अभी मध्यस्थता नहीं हो सकी, जिसके लिए अगली तिथि निर्धारित की गई है।परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल से तीन परिवारों में एक बार फिर आपसी विश्वास और वैवाहिक संबंध कायम हुए। केंद्र द्वारा विवादों को बातचीत, समझाइश और मध्यस्थता के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे परिवारों को टूटने से बचाया जा सके।प्रकरणों के निस्तारण में विक्रमादित्य मिश्रा, वीरेंद्र नाथ राम, कमरुद्दीन, अनीता यादव, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी उपनिरीक्षक नीतू मिश्रा, महिला आरक्षी सोनाली, महिला आरक्षी रागिनी चौबे, महिला आरक्षी संध्या, महिला आरक्षी अभिलाषा तथा आरक्षी शिव शंकर यादव आदि की प्रमुख भूमिका रही।



