शिक्षक दिवस पर लखनऊ में सपा की PDA पाठशाला, गोमतीनगर में बच्चों को पढ़ाया, बोले – बंद हुए स्कूल फिर खुलेंगे

शिक्षक दिवस पर लखनऊ में सपा की PDA पाठशाला, गोमतीनगर में बच्चों को पढ़ाया, बोले – बंद हुए स्कूल फिर खुलेंगे

*लखनऊ, 05 सितंबर।* शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी ने आज लखनऊ के गोमतीनगर में PDA पाठशाला लगाई। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बच्चों को पढ़ाया और अखिलेश यादव की तस्वीर वाली कॉपी-किताबें बांटीं।
सपा नेता फखरूल हसन चांद ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में PDA पाठशाला लगाई गई है।
*26 हजार स्कूल बंद करने का आरोप*
सपा का आरोप है कि प्रदेश सरकार ने करीब 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद कर दिए हैं। इसके विरोध में यह अभियान शुरू किया गया है। स्कूल बंद होने से पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और किसान परिवारों के बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। सपा शिक्षा के मुद्दे को PDA पाठशाला के जरिए लगातार उठाती रहेगी।
*बोले- सपा सरकार में दोबारा खुलेंगे स्कूल*
सपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि PDA पाठशाला लगातार चलेगी। रोज पार्टी का एक कार्यकर्ता एक घंटे बच्चों को पढ़ाएगा। फिलहाल बच्चे जमीन पर दरी बिछाकर पढ़ रहे हैं, जल्द ही कुर्सी-मेज और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर बंद किए गए सभी प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोला जाएगा।
*5 से 11 सितंबर तक चलेगा अभियान*
सपा का यह अभियान 5 से 11 सितंबर तक चलेगा –
– 7 सितंबर: PDA वृक्षारोपण और पर्चा वितरण
– 8 सितंबर: विश्वविद्यालयों में शिविर लगाकर छात्रों से संपर्क
– 9 सितंबर: छात्रों से सुझाव और समस्याएं सुनना, संकल्प पत्र भरवाना
– 10 सितंबर: छात्र राजनीति पर संगोष्ठी
– 11 सितंबर: मेधावी छात्रों के सम्मान के साथ समापन
अभियान के दौरान फीस वृद्धि, पेपर लीक, समान कोर्स, रोजगार, आरक्षण में पारदर्शिता, रोस्टर प्रणाली, डिजिटल डिवाइस, मुफ्त पढ़ाई और पुस्तकालय जैसे मुद्दों पर छात्रों से चर्चा की जा रही है।



