देवरिया : बधाई देवरिया! विकास प्राधिकरण की राह हुई आसान, RBO को मिला सहायक अभियंता का पद

बधाई देवरिया! विकास प्राधिकरण की राह हुई आसान, RBO को मिला सहायक अभियंता का पद

देवरिया। देवरिया को सुनियोजित और विकसित शहर बनाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। देवरिया विकास प्राधिकरण (DDA) के गठन की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाते हुए शासन ने देवरिया विनियमित क्षेत्र (RBO) में एक सहायक अभियंता (AE) के नए पद को मंजूरी दे दी है।
इस संबंध में सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने बताया कि पिछले कार्यकाल में देवरिया विकास प्राधिकरण के गठन के लिए पूरी मजबूती से प्रयास किया गया था, लेकिन शासन स्तर पर यह कहकर प्रस्ताव रोक दिया गया था कि देवरिया RBO में पर्याप्त स्टाफ नहीं है। उस समय देवरिया RBO में केवल एक अवर अभियंता (JE) का ही पद स्वीकृत था।
विकास प्राधिकरण के गठन के लिए तकनीकी रूप से एक AE का पद होना अनिवार्य है। इसी को देखते हुए विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने 07 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को पत्र लिखकर शाहजहांपुर से निष्प्रयोज्य पड़े AE के एक पद को देवरिया स्थानांतरित करने का अनुरोध किया था। उन्होंने बताया कि शाहजहांपुर में विकास प्राधिकरण बन जाने के बाद वहां विनियमित क्षेत्र का अस्तित्व स्वतः समाप्त हो गया है, जिससे वहां का AE पद निष्प्रयोज्य हो गया था।
विधायक के इस प्रयास पर शासन ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए *03 सितंबर 2026* को आदेश जारी कर दिया है। आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग-6 के जय शासनादेश संख्या- I/1451410/2026 के अनुसार शाहजहांपुर का 01 सहायक अभियंता का पद देवरिया विनियमित क्षेत्र में स्थानांतरित करने की राज्यपाल ने सहर्ष स्वीकृति प्रदान कर दी है।
अब देवरिया RBO में एक AE और एक JE उपलब्ध होंगे। इससे शहर के निर्माण कार्यों की बेहतर निगरानी, व्यवस्थित विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी आएगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह निर्णय देवरिया विकास प्राधिकरण के गठन के लिए आवश्यक प्रशासनिक आधार को मजबूत करता है।
यह आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के इतिहास में एक दुर्लभ उदाहरण है कि किसी दूसरे जिले से पूरा पद स्थानांतरित कर देवरिया में लाया गया है।
विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देवरिया की जनता के विश्वास और सामूहिक प्रयासों की जीत है।



