Breaking Newsभारत

दिव्यांग रेलवे कर्मचारियों को मिली स्कूटी, जीएम ने सौंपी चाबी

दिव्यांग रेलवे कर्मचारियों को मिली स्कूटी, जीएम ने सौंपी चाबी

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से दिव्यांग रेलवे कर्मचारियों के लिए स्कूटी वितरण कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को रेलवे जीएम कार्यालय स्थित रेलवे ऑडिटोरियम परिसर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवडकर ने लखनऊ मंडल के विभिन्न जिलों से आए 23 दिव्यांग रेलवे कर्मचारियों को स्कूटी की चाबी सौंपी। इस दौरान डीआरएम लखनऊ गौरव अग्रवाल ने भी दिव्यांग कर्मचारियों को स्कूटी की चाबी वितरित की।

इस योजना के तहत दिव्यांग कर्मचारियों को स्कूटी खरीदने के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है, जबकि 30 हजार रुपये कर्मचारियों ने स्वयं वहन किए हैं। इससे दिव्यांग कर्मचारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उन्हें अपने कार्यस्थल तक पहुंचने में सहूलियत होगी।

कार्यक्रम के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवडकर ने कहा कि रेलवे अपने कर्मचारियों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। दिव्यांग कर्मचारियों को स्कूटी उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें आवागमन में आत्मनिर्भर बनाना और उनके कार्य को सुगम बनाना है।

वहीं, डीआरएम लखनऊ गौरव अग्रवाल ने कहा कि दिव्यांग कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। स्कूटी मिलने से कर्मचारियों को रोजाना आवागमन में काफी सुविधा होगी।

पूर्वोत्तर रेलवे मेन्स कांग्रेस लखनऊ मंडल के मंडल मंत्री राकेश चन्द्र वर्मा ने बताया कि पिछले कई वर्षों से दिव्यांग कर्मचारियों के लिए यह योजना सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पा रही थी। मेन्स कांग्रेस की पहल के बाद रेलवे प्रशासन ने योजना को दोबारा शुरू किया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले लखनऊ में 13 स्कूटी वितरित की गई थीं, जबकि आज आयोजित कार्यक्रम में 23 दिव्यांग रेलवे कर्मचारियों को स्कूटी प्रदान की गई।

उन्होंने कहा कि दिव्यांग कर्मचारियों के हित और उनकी सुविधाओं के लिए संगठन आगे भी रेलवे प्रशासन के साथ मिलकर प्रयास करता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button