Breaking Newsभारत

जखनियां/गाजीपुर : चौकियां मोड़ पर पुलिस की सक्रियता से खुला जाम, मरीज को समय से मिला रास्ता

चौकियां मोड़ पर पुलिस की सक्रियता से खुला जाम, मरीज को समय से मिला रास्ता

जखनियां/गाजीपुर। चौकियां बाजार में जाम के बीच मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस फंस गई। इसी दौरान गाजीपुर से भुड़कुड़ा की ओर जा रहे क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा रामकृष्ण तिवारी की नजर जाम में फंसी एंबुलेंस पर पड़ी। उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाकर पुलिसकर्मियों के साथ यातायात व्यवस्था संभाली और एंबुलेंस को रास्ता दिलाया। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

जानकारी के अनुसार, चौकियां मोड़ पर सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़े होने तथा आवागमन अधिक होने के कारण जाम की स्थिति बन गई थी। इसी दौरान मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। एंबुलेंस को फंसा देखकर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने तत्काल मौके पर रुककर पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से वाहनों को व्यवस्थित कराया और एंबुलेंस के लिए रास्ता बनाया।

बताया जाता है कि इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद एक महिला दुकानदार से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, स्थानीय लोगों के अनुसार घटना का मुख्य प्रसंग जाम में फंसी एंबुलेंस को रास्ता दिलाने से जुड़ा था।

पुलिस की कार्रवाई के बाद एंबुलेंस को सुरक्षित रास्ता मिल गया और वह मरीज को लेकर आगे रवाना हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि आपात स्थिति में एंबुलेंस को रास्ता मिलना बेहद जरूरी होता है। ऐसे समय में पुलिस द्वारा तत्काल यातायात व्यवस्था संभालना सराहनीय कदम है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से चौकियां मोड़ पर नियमित यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में एंबुलेंस समेत अन्य आपातकालीन वाहनों को जाम में न फंसना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button