जखनियां/गाजीपुर : विद्यालयों में दूषित पानी मिला तो जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई : सीडीओ

विद्यालयों में दूषित पानी मिला तो जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई : सीडीओ
जखनियां ब्लॉक सभागार में प्रधानाध्यापकों व प्रशासकों से संवाद, तीन दिन में हैंडपंप, पेयजल व जलजमाव की समस्याएं दूर करने का निर्देश

जखनियां/गाजीपुर। विकासखंड जखनियां के सभागार में मंगलवार को प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, ग्राम पंचायतों के प्रशासकों तथा अधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को भी उपस्थित होना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनके कार्यक्रम में शामिल न हो पाने के बाद मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के नेतृत्व में अधिकारियों ने विद्यालयों की व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा की।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी के पहुंचने पर खंड विकास अधिकारी जखनियां कौस्तुभ पाठक ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद सभागार में अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं ग्राम पंचायत स्तर के जिम्मेदारों के साथ विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से संवाद किया गया।संवाद के दौरान विद्यालयों में पेयजल की समस्या, दूषित पानी, खराब हैंडपंप, पाइप लाइन से गंदा पानी आने, जलजमाव तथा खेल मैदानों की स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण बिंदु प्रमुखता से उठाए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाले पेयजल की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि यदि बच्चों को दूषित पानी पिलाया जाए तो यह सोचने की जरूरत है कि यदि यही पानी उनके या उनके बच्चों के सामने पीने के लिए रखा जाए तो उन्हें कैसा लगेगा। बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खराब हैंडपंप तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश

विद्यालयों में खराब पड़े हैंडपंपों को लेकर भी अधिकारी गंभीर नजर आए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खराब हैंडपंपों की तत्काल रिपोर्ट तैयार कर उन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। जिन विद्यालयों में पाइपलाइन अथवा हैंडपंप से दूषित पानी निकल रहा है, वहां तत्काल जांच कर समस्या का समाधान कराने को कहा गया।उन्होंने खंड विकास अधिकारी जखनियां को निर्देशित किया कि ऐसे विद्यालयों की रिपोर्ट तत्काल प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएं, ताकि बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
तीन दिन की मोहलत, लापरवाही पर वेतन रोकने की चेतावनी
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारियों, खंड विकास अधिकारी तथा ग्राम पंचायत स्तर के प्रशासकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालयों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए तीन दिन का समय दिया जा रहा है। इस अवधि में खराब हैंडपंप, पेयजल की समस्या और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जाए। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें वेतन रोकने की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।जलजमाव और खेल मैदान की स्थिति पर भी जताई नाराजगी बारिश के बाद विद्यालय परिसरों में जलजमाव की स्थिति को लेकर भी अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा जहां लगातार पानी जमा हो रहा है, वहां स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया।इसी तरह विद्यालयों के खेल मैदानों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालयों में खेल मैदानों को उपयोगी एवं व्यवस्थित बनाया जाए।करीब तीन बजे अधिकारीगण जखनियां ब्लॉक सभागार पहुंचे, जहां लगभग एक घंटे तक संवाद एवं समीक्षा का कार्यक्रम चला। इस दौरान विद्यालयों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों के बीच सीधे संवाद के माध्यम से समस्याओं की जानकारी ली गई तथा उनके समाधान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी जखनियां, खंड विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जखनियां कौस्तुभ पाठक, ग्राम पंचायतों के प्रशासक, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



