जखनियां/गाजीपुर : टॉप-21 मेधावी छात्रों की चार साल की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगा विद्यालय प्रबंधन

टॉप-21 मेधावी छात्रों की चार साल की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगा विद्यालय प्रबंधन


स्वर्गीय डॉ. सुनीता सिंह की स्मृति में आयोजित स्कॉलरशिप प्रतियोगिता का परिणाम घोषित, सम्मान समारोह में मेधावियों को पुरस्कार व शिक्षण सामग्री वितरित

जखनियां/गाजीपुर। ग्राम सभा अलीपुर मदरा स्थित स्वर्गीय राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज में मंगलवार को स्वर्गीय डॉ. सुनीता सिंह की स्मृति में आयोजित स्कॉलरशिप प्रतियोगिता में चयनित टॉप-21 मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय प्रबंधन ने कक्षा 9 से 12 तक उनकी शिक्षा का पूरा खर्च वहन करने का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राघवेंद्र प्रताप एवं उप जिलाधिकारी जखनियां अतुल कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत-सम्मान किया गया। समारोह में प्रतियोगिता में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं शिक्षण सामग्री प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।विद्यालय प्रबंधन की ओर से बताया गया कि गत 16 अगस्त को स्वर्गीय डॉ. सुनीता सिंह की स्मृति में आयोजित स्कॉलरशिप प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-21 विद्यार्थियों का चयन किया गया था। इन विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई के दौरान शिक्षण सामग्री, ड्रेस, साइकिल और विद्यालय शुल्क सहित आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना है।
‘प्रतिभा किसी भी मजबूरी के कारण शिक्षा से वंचित न हो’ : अटल कुमार सिंह
विद्यालय के प्रबंधक अटल कुमार सिंह ने समारोह में आए सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि दबी हुई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना भी है।
उन्होंने कहा कि “किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई किसी कारण बाधित नहीं होनी चाहिए। यदि किसी बच्चे में प्रतिभा है और वह आगे बढ़ना चाहता है तो संसाधनों की कमी उसके रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी सोच के साथ विद्यालय प्रबंधन ने टॉप-21 मेधावी विद्यार्थियों की कक्षा 9 से 12 तक की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का संकल्प लिया है।”
अटल कुमार सिंह ने स्वर्गीय डॉ. सुनीता सिंह को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शिक्षा और समाज के प्रति उनके समर्पण की स्मृति को जीवंत रखने का इससे बेहतर माध्यम कोई और नहीं हो सकता। मेधावी और प्रतिभावान विद्यार्थियों के भविष्य को संवारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसी जनकल्याणकारी एवं शिक्षा को बढ़ावा देने वाली पहल जारी रहेगी।समारोह में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा देते हैं।इस अवसर पर राजेश तिवारी, मनोज सिंह, प्रधान अभय सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलानंद सिंह, मोहम्मद शाहिद, राधेश्याम यादव, मोनू सिंह, अजीत सिंह, अभय सिंह, रवि राय, दिनेश यादव, मिंटू गुप्ता, मिंटू सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अलीपुर मदरा सर्वानंद सिंह, झुन्ना, अनुराग सिंह, अजीत सिंह काली सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधक अटल कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं मेधावी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



