लखनऊ में वकीलों के अवैध चैंबरों पर चला बुलडोजर, सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली थी राहत

लखनऊ में वकीलों के अवैध चैंबरों पर चला बुलडोजर, सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली थी राहत

लखनऊ। लखनऊ जिला कोर्ट के आसपास बने वकीलों के अवैध चैंबरों पर रविवार शाम नगर निगम का बुलडोजर चल गया। पुलिस और प्रशासन की टीम शाम करीब 4:30 बजे मौके पर पहुंची और 5:10 बजे से चैंबर तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। कार्रवाई के दौरान इलाके की बिजली भी काट दी गई।
*सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाने से किया था इनकार*
दरअसल, हाईकोर्ट के आदेश पर 17 मई को भी नगर निगम की टीम ने अवैध चैंबर तोड़े थे। तब इसका जमकर विरोध हुआ था और हंगामे-पथराव में एक सिपाही समेत 3 वकील घायल हो गए थे।
इसके बाद वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया था। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने कहा था कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तो जरूर होगी। मध्यस्थता के लिए भेजने की मांग भी पीठ ने ठुकरा दी थी और वकील को याचिका वापस लेने की इजाजत दी थी।
इसके बाद नगर निगम ने वकीलों को 30 अगस्त तक अवैध चैंबर छोड़ने का नोटिस जारी किया था, जिसमें नाले पर बने चैंबर भी शामिल थे। नोटिस की मियाद खत्म होते ही आज शाम बुलडोजर और हाईवा के साथ टीम मौके पर पहुंच गई।



