Breaking Newsभारत

गोरखपुर में सीएम योगी ने किया कल्याण मंडपम का लोकार्पण, बोले- गरीबों को सस्ते में मिलेगी शादी की सुविधा; 130 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

गोरखपुर में सीएम योगी ने किया कल्याण मंडपम का लोकार्पण, बोले- गरीबों को सस्ते में मिलेगी शादी की सुविधा; 130 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

*गोरखपुर।* तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बशारतपुर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 3.10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक कल्याण मंडपम का फीता काटकर शुभारंभ किया। यह कल्याण मंडपम मुख्यमंत्री की विधायक निधि से GDA द्वारा बनवाया गया है।

2593 वर्गमीटर में बने दो मंजिला कल्याण मंडपम में शादी-विवाह, तिलक, मुंडन समेत सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे जरूरतमंद परिवारों को किफायती दर पर आयोजन की सुविधा मिलेगी।

*11 और 21 हजार में होगी बुकिंग*

GDA के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि इस मंडपम की बुकिंग GDA करेगा। अंत्योदय कार्ड धारकों के लिए मात्र 11 हजार रुपए में, जबकि सामान्य लोगों के लिए 21 हजार रुपए में बुकिंग होगी।

*कल्याण मंडपम की खासियत*

– महानगर के वार्ड नंबर 80, राप्ती नगर के अंतर्गत बशारतपुर कल्याण मंडपम आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित है।
– भूतल पर 225 लोगों की क्षमता का हाल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट हैं। प्रथम तल पर एक हाल, अटैच्ड टॉयलेट और ड्रेसिंग रूम सहित 6 कमरे हैं।
– परिसर में आकर्षक फव्वारा, इंटरलॉकिंग टाइल्स वाली पर्याप्त पार्किंग और लॉन में फूल-पौधों से सजावट भी की गई है।

*130.73 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात*

कल्याण मंडपम के साथ ही मुख्यमंत्री ने कुल 130.73 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें GDA की 30 और नगर निगम की 140 परियोजनाएं शामिल हैं।

कल्याण मंडपम परिसर में आयोजित समारोह में CM योगी ने नगर निगम की 47.15 करोड़ के 109 कार्यों का शिलान्यास और 69.99 करोड़ के 31 कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं GDA की 10.84 करोड़ के 15 कार्यों का लोकार्पण और 2.75 करोड़ के 15 कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क-नाली निर्माण, पार्कों का सुंदरीकरण, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, सीवर और जलभराव से राहत के काम शामिल हैं।

*मंच पर रहे दिग्गज*

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायकगण और GDA व नगर निगम के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button