गाजीपुर : चीनी-प्याज की कीमतों पर प्रशासन की पैनी नजर, जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई

चीनी-प्याज की कीमतों पर प्रशासन की पैनी नजर, जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई

गाजीपुर, 27 अगस्त 2026। चीनी एवं प्याज के बढ़ते मूल्य तथा जनपद में पर्याप्त स्टॉक की उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने प्रेस वार्ता कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि मंडी स्तर से लेकर थोक एवं फुटकर विक्रेताओं तक चीनी और प्याज के स्टॉक की नियमित निगरानी की जा रही है। जनपद एवं तहसील स्तर पर गठित अधिकारियों की टीम द्वारा प्रतिष्ठानों एवं भंडार गृहों का औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी थोक अथवा फुटकर विक्रेता द्वारा जमाखोरी, कालाबाजारी, कृत्रिम अभाव पैदा करने, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने अथवा स्टॉक संबंधी नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को जनपद में 8115.50 कुंतल चीनी तथा 2156 कुंतल प्याज का स्टॉक उपलब्ध है। जनपद में चीनी और प्याज की कोई कमी नहीं है तथा इनकी आपूर्ति लगातार सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार सामान्य प्रचलित दरों पर ही खरीदारी करें और अनावश्यक रूप से अधिक मात्रा में खरीदकर भंडारण न करें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की।बाजार व्यवस्था पर नजर रखने और कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनपद स्तर पर मुख्य कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। नागरिक किसी भी शिकायत के लिए 0548-2224041 पर संपर्क कर सकते हैं।इसके अतिरिक्त चीनी-प्याज की आपूर्ति, उपलब्धता अथवा कृत्रिम मूल्य वृद्धि से संबंधित शिकायत कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबरों पर की जा सकती है।- मंडी सचिव, जंगीपुर — 7007652822
– मंडी निरीक्षक, सैदपुर — 9648637787
– मंडी निरीक्षक, यूसुफपुर — 8795616020
– मंडी निरीक्षक/मंडी प्रभारी, जमानिया — 9450587470
प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, डिप्टी आरएमओ, पत्रकार बंधु सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





