गाजीपुर : व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने की बैठक

व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने की बैठक
एएसपी सिटी ने व्यापारियों से संवाद कर सीसीटीवी लगाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की

गाजीपुर, 23 अगस्त 2026। पुलिस लाइन सभागार गाजीपुर में रविवार को व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ ही जनपद के विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी, प्रमुख व्यापारी एवं उद्यमी शामिल हुए।बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान व्यापारियों एवं उद्यमियों के साथ पूर्व में घटित आपराधिक घटनाओं तथा उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विचार-विमर्श किया गया। व्यापारियों ने भी अपनी समस्याओं एवं सुरक्षा से संबंधित आवश्यकताओं को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा।
दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी लगाने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने व्यापारियों से सुरक्षा के दृष्टिकोण से अपने-अपने दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने और उन्हें चालू हालत में रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज अपराधियों की पहचान और घटना के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।उन्होंने व्यापारियों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेते हुए भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के संबंध में पुलिस से जिस प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, नियमानुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह
बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापारियों को अपराधों की रोकथाम, अपराधियों की पहचान तथा अपनी संपत्ति की सुरक्षा में उनकी भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई। व्यापारियों से कहा गया कि वे अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।आपात स्थिति में बिना देरी किए पुलिस से संपर्क करने की भी अपील की गई। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना तथा अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस के साथ-साथ आमजन और व्यापारिक समुदाय का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है। आपसी समन्वय से अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलेगी।इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



