गाजीपुर : डीएम ने पिपनार के अस्थायी गौ-आश्रय स्थल का किया निरीक्षण, हरे चारे की कमी पर जताई नाराजगी

डीएम ने पिपनार के अस्थायी गौ-आश्रय स्थल का किया निरीक्षण, हरे चारे की कमी पर जताई नाराजगी
गोवंश के रख-रखाव में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, तत्काल हरे चारे की व्यवस्था के दिए निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बुधवार को विकास खंड सादात के ग्राम पिपनार स्थित अस्थायी गौ-आश्रय स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों के लिए चारा, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की विस्तार से समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान गौ-आश्रय स्थल पर हरे चारे की कमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और ग्राम प्रधान को तत्काल पर्याप्त मात्रा में हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौवंशों को समय पर पौष्टिक चारा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गौ-आश्रय स्थल पर नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, छाया तथा पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गोवंशों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी सादात सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को गौ-आश्रय स्थलों की नियमित निगरानी कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।



