गाजीपुर : जिला कारागार में 533 बंदियों का हुआ निःशुल्क चर्म रोग परीक्षण, 58 मरीजों को दी गई दवाएं

जिला कारागार में 533 बंदियों का हुआ निःशुल्क चर्म रोग परीक्षण, 58 मरीजों को दी गई दवाएं
जिला अपराध निरोधक समिति के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

गाजीपुर। उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति (लखनऊ) के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला अपराध निरोधक समिति, गाजीपुर द्वारा मंगलवार को जिला कारागार में निःशुल्क त्वचा रोग (चर्म रोग) परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस शिविर में बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं।शिविर में चिकित्सा महाविद्यालय एवं जिला कारागार के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कुल 533 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान 58 बंदी त्वचा रोग से पीड़ित पाए गए। चिकित्सकों ने सभी मरीजों का परीक्षण कर उनकी बीमारी के अनुसार आवश्यक परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।स्वास्थ्य शिविर में डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. अभय शक्ति, डॉ. संजय जायसवाल, डॉ. शिशिर शैलेश तथा फार्मासिस्ट विकास यादव एवं अदीप कुमार ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने बंदियों को त्वचा रोगों से बचाव, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति भी जागरूक किया।कार्यक्रम में जिला अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, संगठन सचिव वसीम रज़ा तथा सुनील सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे और स्वास्थ्य शिविर के सफल संचालन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।कार्यक्रम के समापन पर जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने जिला अपराध निरोधक समिति द्वारा किए गए इस मानवीय एवं जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए समिति के पदाधिकारियों और चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर बंदियों के स्वास्थ्य संरक्षण और बेहतर उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।इस अवसर पर जेलर शेषनाथ यादव, डिप्टी जेलर राजेश कुमार सहित कारागार प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

