गाजीपुर : यूनियन बैंक में ‘खेत बचाओ अभियान-2026’ के तहत बैठक, किसानों को योजनाओं से जोड़ने पर दिया गया जोर

यूनियन बैंक में ‘खेत बचाओ अभियान-2026’ के तहत बैठक, किसानों को योजनाओं से जोड़ने पर दिया गया जोर
पीएम फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान तक पहुंचाने के निर्देश

गाजीपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की गहमर शाखा में ‘खेत बचाओ अभियान-2026’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न किसान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, गाजीपुर राजदेव कुमार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, बैंक मित्रों (बीसी) एवं सीएफएल स्टाफ को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर जनजागरूकता अभियान चलाएं तथा पात्र किसानों और ग्रामीण नागरिकों को समयबद्ध ढंग से इन योजनाओं से जोड़ना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जाएं और उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में किसानों की फसलों को सुरक्षा मिल सके।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बैंक की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों का आवेदन शीघ्र पूरा कराया जाएगा, जिससे कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।इस अवसर पर गहमर, कुतुबपुर एवं पकड़ीतर शाखाओं के शाखा प्रबंधकों के साथ बैंक के बीसी (बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट) एवं सीएफएल स्टाफ भी उपस्थित रहे। सभी ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और किसानों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने का संकल्प लिया।

