सेंट एंड्रूज कॉलेज में प्राचार्य की कुर्सी का विवाद थमा, रैना निवेदिता सैमुअल ने संभाला कार्यभार

सेंट एंड्रूज कॉलेज में प्राचार्य की कुर्सी का विवाद थमा, रैना निवेदिता सैमुअल ने संभाला कार्यभार
कॉलेज खुलते ही आमने-सामने आए एसडी राजकुमार और रैना निवेदिता सैमुअल
पुलिस और चर्च के फादरों की मौजूदगी में चली सुलह की कोशिश
बातचीत के बाद एसडी राजकुमार ने छोड़ी कुर्सी, रैना बोलीं- “अब मिलकर करेंगे काम”
गोरखपुर। सेंट एंड्रूज कॉलेज में पिछले कई दिनों से कार्यवाहक प्राचार्य एवं सचिव के पद को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को समाप्त हो गया। कॉलेज खुलते ही कार्यवाहक प्राचार्य एवं सचिव होने का दावा करने वाली रैना निवेदिता सैमुअल कॉलेज पहुंचीं और पदभार संभालने की बात कही। उस समय एसडी राजकुमार प्राचार्य की कुर्सी पर बैठे थे। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस की भारी फोर्स कॉलेज पहुंच गई। इस दौरान सेंट जॉर्ज चर्च और सेंट एंड्रूज चर्च के फादरों ने भी दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। बाद में एसडी राजकुमार और रैना निवेदिता सैमुअल बंद कमरे में बातचीत के कि गई वार्ता के बाद दोनों बाहर निकले और एसडी राजकुमार ने प्राचार्य एवं सचिव की कुर्सी छोड़ दी, जिसके बाद रैना निवेदिता सैमुअल ने कार्यभार संभाल लिया। मीडिया से बातचीत में रैना ने कहा कि एसडी राजकुमार उनके छोटे भाई जैसे हैं और अब दोनों मिलकर कॉलेज के हित में काम करेंगे। इसके साथ ही लंबे समय से चला आ रहा प्राचार्य पद का विवाद फिलहाल समाप्त होता दिखाई दिया।



