क्रिश्चियनः बिना लिखित परीक्षा होगी 40 प्रफेसरों की भर्ती

क्रिश्चियनः बिना लिखित परीक्षा होगी 40 प्रफेसरों की भर्ती
क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज विभिन्न विभागों में असिस्टेंट प्रफेसर के 40 पदों पर सीधी भर्ती करने जा रहा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी और चयन केवल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।
साल 2021 में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पारदर्शिता के लिए शिक्षण संस्थानों में असिस्टेंट प्रफेसर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा अनिवार्य करने और इंटरव्यू की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने के निर्देश दिए थे।
बता दें कि लखनऊ विश्वविद्यालय की कार्य परिषद (EC) ने वर्तमान कुलपति के प्रस्ताव पर संबद्ध कॉलेजों में शिक्षक भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया है।
एलयू प्रशासन का तर्क है कि राज्यपाल का आदेश केवल यूनिवर्सिटी कैंपस की भर्तियों पर लागू होता है, संबद्ध कॉलेजों पर नहीं।
हालांकि, पूर्व कुलपति प्रो. आलोक राय ने राज्यपाल के निर्देश के बाद संबद्ध कॉलेजों में भी लिखित परीक्षा को अनिवार्य कर दिया था।
लुआक्टा के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन और राजभवन के आदेशों के मुताबिक असिस्टेंट प्रफेसर भर्ती में लिखित परीक्षा कराना अनिवार्य है।


