Breaking Newsभारत

जखनिया (गाजीपुर) : जखनिया तहसील में उमड़ा जनसैलाब, डीएम अनुपम शुक्ला के समाधान दिवस में फरियादियों की लगी लंबी कतारें

जखनिया तहसील में उमड़ा जनसैलाब, डीएम अनुपम शुक्ला के समाधान दिवस में फरियादियों की लगी लंबी कतारें

डीएम के पहुंचने से पहले ही सैकड़ों लोग पहुंचे तहसील, भीड़ नियंत्रित करने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

जखनिया (गाजीपुर)।तहसील जखनिया में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं को लेकर लोगों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस सुबह 10 बजे से शुरू होना था, लेकिन जिलाधिकारी के पहुंचने की सूचना के चलते सुबह से ही बड़ी संख्या में फरियादी तहसील परिसर पहुंचने लगे। सबसे अधिक संख्या महिलाओं की रही, जो अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर घंटों इंतजार करती रहीं।समाधान दिवस पर जिलाधिकारी करीब 12 बजे तहसील पहुंचे। इस दौरान तहसील परिसर में सैकड़ों फरियादी कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। जैसे ही जिलाधिकारी पहुंचे, अपनी-अपनी शिकायत सीधे उनके सामने रखने के लिए लोगों में आगे बढ़ने की होड़ मच गई। कुछ समय के लिए तहसील परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। उमस और भीषण गर्मी के बीच पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे और लोगों को लाइन में लगाकर उनकी शिकायतें दर्ज कराने का प्रयास करते रहे। स्थिति कुछ देर बाद सामान्य हो सकी।स्थानीय लोगों का कहना था कि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के प्रति लोगों का भरोसा और उनकी कार्यशैली,लोकप्रियता के कारण इस बार सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक संख्या में फरियादी समाधान दिवस में पहुंचे। बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत, राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, सड़क और अन्य समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आए थे हालांकि, फरियादियों की संख्या अत्यधिक होने के कारण सभी लोगों की शिकायतों पर व्यक्तिगत रूप से सुनवाई संभव नहीं हो सकी। कई लोगों ने अपनी शिकायतें संबंधित विभागों में जमा कराईं, जबकि कुछ फरियादियों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। कई महिलाओं ने लंबा इंतजार करने के बाद भी अपनी बात सीधे जिलाधिकारी तक नहीं पहुंचा पाने पर निराशा जताई।
तहसील प्रशासन ने बताया कि प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। वहीं समाधान दिवस में उमड़ी भीड़ ने यह संकेत भी दिया कि आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से बड़ी अपेक्षाएं रखता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button